द्वाराहाट की गुफा का होगा वैज्ञानिक सर्वेक्षण, पुरातत्व विभाग तलाशेगा प्राचीन इतिहास
— विजयपुर की गुफा को पहचान दिलाने की पहल तेज
— प्रशासन ने दिए निरीक्षण के निर्देश
—- सर्वेक्षण रिपोर्ट से खुलेगा ऐतिहासिक महत्व का पता।
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। पहाड़ की गोद में स्थित एक प्राचीन गुफा अब पुरातत्व विभाग की जांच के दायरे में आएगी। द्वाराहाट के विजयपुर गांव में द्रोणगिरि पर्वत की तलहटी में मौजूद इस गुफा के वैज्ञानिक सर्वेक्षण के निर्देश प्रशासन ने दिए हैं। लंबे समय से स्थानीय लोग इस स्थल की ऐतिहासिक पहचान और संरक्षण की मांग उठा रहे थे।
जनश्रुतियों और इतिहास की होगी पड़ताल
स्थानीय मान्यताओं में गुफा का संबंध द्वापरयुग से जोड़ा जाता है। हालांकि, इसकी वास्तविक प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व की पुष्टि वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन ने क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी को स्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
सर्वेक्षण से संरक्षण की उम्मीद
गुफा के सर्वेक्षण की पहल भाजपा कार्यकर्ता आशुतोष शाही की ओर से जिलाधिकारी को पत्र भेजे जाने के बाद हुई। पुरातत्वविद एवं संस्कृति विभाग के सलाहकार चंद्र सिंह चौहान के अनुसार, पहले गुफा का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद ही इसकी ऐतिहासिकता पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पर्यटन के नक्शे पर उभर सकता है क्षेत्र
यदि जांच में महत्वपूर्ण पुरातात्विक साक्ष्य मिलते हैं, तो यह स्थल शोध और सांस्कृतिक पर्यटन के लिहाज से नई पहचान हासिल कर सकता है। फिलहाल क्षेत्रवासियों को सर्वेक्षण रिपोर्ट का इंतजार है।


खबर पसंद आई? शेयर करें:

